युवा नेतृत्व: 30 युवाओं ने गढ़ी अपने क्षेत्र की विकास कार्ययोजना
तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा नेतृत्व कार्यशाला का आयोजन
दिनांक 17 से 19 फरवरी 2026 को गिरिडीह (झारखंड) में विकास संवाद समिति, गुमला एवं अभिव्यक्ति फाउंडेशन, गिरिडीह द्वारा तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा नेतृत्व कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में गुमला एवं गिरिडीह जिलों के कुल 30 युवा प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता, ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP), नेतृत्व विकास, संचार कौशल तथा कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों के प्रति सशक्त बनाना था।
कार्यशाला के पहले दिन पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं प्रमुख सरकारी योजनाओं जैसे आईसीडीएस, पीडीएस, मिड-डे मील एवं पोषण अभियान पर विस्तृत सत्र आयोजित किए गए। साथ ही सहभागितापूर्ण मानचित्रण गतिविधियों के माध्यम से जीपीडीपी में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई, जिससे युवाओं में स्थानीय विकास प्रक्रियाओं के प्रति समझ एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई। दूसरे दिन युवा नेतृत्व, युवाओं के अधिकार तथा प्रभावी संचार कौशल पर व्यावहारिक एवं सहभागितापूर्ण सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों से प्रतिभागियों का आत्मविश्वास बढ़ा, टीम निर्माण क्षमता का विकास हुआ तथा सामुदायिक स्तर पर नेतृत्व निभाने की प्रेरणा मिली। तीसरे दिन कौशल विकास, स्वरोजगार, स्किल इंडिया एवं स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्र के लिए अपनी कार्ययोजना तैयार कीं। यह कार्यशाला युवाओं के नेतृत्व विकास, जागरूकता वृद्धि एवं सामुदायिक भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उल्लेखनीय है कि विकास संवाद समिति द्वारा गुमला जिले के 20 गांवों में तथा अभिव्यक्ति फाउंडेशन द्वारा गिरिडीह जिले के 20 गांवों में टीडीएच एवं बीएफटीडब्ल्यू के सहयोग से “सतत स्वास्थ्य एवं विकास हेतु पोषण सुरक्षा” कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के समग्र विकास, उनके अधिकारों की सुरक्षा एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी को सुदृढ़ करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।



